डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष 19 को भीलवाड़ा में
भीलवाड़ा। डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी जयपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्यवीर सिंह (पूर्व पुलिस महानिरीक्षक) गुरुवार सुबह 11 बजे भीलवाड़ा पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर सोसायटी पदाधिकारियों व समाजजनों में उत्साह का माहौल है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले की सीमा में प्रवेश करते ही उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे जिला मुख्यालय पर सोसायटी के जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग पर बढ़ रहे अत्याचारों सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से मंथन होगा। अपने दौरे के दौरान सत्यवीर सिंह पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारियों से भी जिले में बढ़ते दलित अत्याचार के मामलों पर चर्चा करेंगे। सोसायटी के जिलाध्यक्ष सोहन लाल भोजपुरिया ने बताया कि बैठक में समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।