प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर विशेष एएनसी शिविर आयोजित

Update: 2026-02-18 11:10 GMT

भीलवाड़ा। उच्च जोखिम गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान कर गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी राजकीय चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष एएनसी (प्रसव पूर्व) जांच शिविर लगाए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9, 18 एवं 27 तारीख को आयोजित होने वाले इस विशेष दिवस पर चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच, परामर्श और आवश्यक उपचार प्रदान किए गए। जांच के दौरान वजन, ऊंचाई, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन स्तर, एचआईवी व सिफलिस की जांच के साथ पेट की संपूर्ण चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान सुनिश्चित की जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिन महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई, उन्हें फेरिक कार्बाेक्सीमाल्टोज (एफसीएम) के इंजेक्शन लगाए गए, जिससे एनीमिया में शीघ्र सुधार हो और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त गर्भावस्था स्वस्थ मां और शिशु के लिए अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों ने विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मां वाउचर योजना के तहत गर्भकाल की दूसरी और तीसरी तिमाही की पात्र महिलाओं को निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर निःशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कूपन वितरित किए गए, जिनका लाभ उठाकर महिलाओं ने मुफ्त सोनोग्राफी जांच कराई।

Tags:    

Similar News