मिलावटी मसालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यवाही, 400 किलो से अधिक मसाला सीज
भीलवाड़ा । जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 एवं 18 फरवरी को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मसालों के प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में मसाले सीज किए गए तथा सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव एवं उनकी टीम द्वारा 17 फरवरी को कावाखेड़ा चौराहा स्थित शास्त्री नगर क्षेत्र में मैसर्स श्री नाथ साल्ट कंपनी से लाल मिर्च पाउडर एवं धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। जांच के दौरान 200 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर को मौके पर ही सीज किया गया। संबंधित सैंपल गुणवत्ता जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला को भिजवाए गए।
इसी दिन रघुवंशी विहार, ईएनजीजी कॉलोनी रामनगर स्थित मैसर्स सांवरिया ट्रेडिंग कंपनी से भी लाल मिर्च पाउडर का सैंपल लेकर जांच हेतु अजमेर प्रयोगशाला भेजा गया। इस दौरान टीम सदस्य प्रेम दत्त शर्मा उपस्थित रहे।
गांधीनगर में 210 किलोग्राम जीरा सीज कर की कार्यवाही
18 फरवरी को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गांधीनगर स्थित मिर्ची मंडी में मुरली मनोहर गृह उद्योग पर कार्रवाई करते हुए 210 किलोग्राम जीरा सीज किया। संबंधित सैंपल गुणवत्ता परीक्षण के लिए अजमेर प्रयोगशाला में भिजवाए गए।
इसके पश्चात होटल हवेली रोड, इंदिरा मार्केट के पास स्थित पनघढ़िया एंटरप्राइजेज से काली मिर्च का सैंपल लिया गया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला अजमेर भेजा गया। कार्रवाई के दौरान सहायक कर्मचारी गोपाल लाल शर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शर्मा ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे गुणवत्तायुक्त एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री ही विक्रय करें।
19 फरवरी को आसींद में लगेगा फूड लाइसेंस शिविर
खाद्य कारोबारियों की सुविधा के लिए 19 फरवरी को आसींद में सभा भवन नंबर दो में फूड लाइसेंस पंजीयन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नए लाइसेंस, नवीनीकरण एवं अन्य संबंधित प्रक्रियाएं सरलता से पूर्ण की जाएंगी। विभाग ने अधिक से अधिक खाद्य व्यापारियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
