महिला कांग्रेस का संगठनात्मक विस्तार: प्रज्ञा बुनकर जिला उपाध्यक्ष व भामिनी राठौड़ आसींद ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त
भीलवाड़ा। राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस ने संगठनात्मक विस्तार के तहत भीलवाड़ा जिले में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार आसींद विधानसभा क्षेत्र की सक्रिय महिला नेत्री प्रज्ञा बुनकर को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है।
शुक्रवार देर शाम जारी सूची में प्रज्ञा बुनकर सहित 7 महिला कार्यकर्ताओं को जिला उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से महासचिव और सचिव पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। अपनी नियुक्ति के बाद प्रज्ञा बुनकर ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ संगठन के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।
संगठन विस्तार के तहत भामिनी राठौड़ को आसींद ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भामिनी राठौड़ का क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक जुड़ाव रहा है और वे आसींद के पूर्व विधायक किशन सिंह दौलतगढ़ की पुत्रवधू हैं। नवनियुक्त अध्यक्ष भामिनी राठौड़ ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की विचारधारा के प्रति निष्ठावान रहकर संगठन को ब्लॉक स्तर पर मजबूत करेंगी। उनका लक्ष्य कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
एनएसयूआई प्रदेश महासचिव संदीप चावला ने इन दोनों नियुक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन नेतृत्वकर्ताओं के आने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।