नई शाम की सब्जी मण्डी के अतिक्रमण से जनता त्रस्त, जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-02-26 07:59 GMT

भीलवाड़ा। शहर में कलेक्ट्री के पास नई शाम की सब्जी मण्डी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि यह मण्डी पूरी तरह से अतिक्रमण की श्रेणी में आती है, जिसे हटाना जनहित में आवश्यक है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि मण्डी के कारण पूरे इलाके में गंदगी का अंबार लगा रहता है। सब्जी विक्रेता सड़ी-गली सब्जियां वहीं छोड़ जाते हैं, जिससे उठने वाली दुर्गंध ने स्थानीय निवासियों का जीना दुश्वार कर दिया है। इसके अलावा, 100 फीट चौड़ी सड़क होने के बावजूद यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालत यह है कि स्थानीय लोग अपने वाहन तक घरों तक नहीं ले जा पा रहे हैं और उन्हें पार्किंग के लिए अन्यत्र भटकना पड़ता है।

ज्ञापन में सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। बताया गया कि मण्डी परिसर के पास ही जिला सेशन कोर्ट, पोक्सो कोर्ट, एनआई कोर्ट, जेल और कई स्कूल स्थित हैं। संवेदनशील मामलों के अपराधियों की पेशी के दौरान मण्डी के कारण सुरक्षा जोखिम बढ़ जाता है। पूर्व में हुए गोलीकांड जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए निवासियों ने कहा कि भीड़भाड़ के कारण आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड या एम्बुलेंस को भी रास्ता नहीं मिल पाता है।

इसके साथ ही आवारा पशुओं के जमावड़े और सब्जी विक्रेताओं के अभद्र व्यवहार से भी लोग परेशान हैं। निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिस तरह आजाद चौक से ठेले हटाकर अतिक्रमण मुक्त किया गया है, उसी तर्ज पर इस क्षेत्र को भी जल्द राहत प्रदान की जाए।

Tags:    

Similar News

आगामी त्यौहारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम:: भीलवाड़ा में कानून-व्यवस्था के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त