भीलवाड़ा को 'दिव्यांग मुक्त' बनाने का संकल्प: साल भर 'सलाहकार' बनकर मदद करेगी भारत विकास परिषद

Update: 2026-02-26 08:05 GMT

भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद विवेकानंद की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुधवार शाम माहेश्वरी भवन में आयोजित की गई। अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल एवं सचिव केजी सोनी ने बताया कि बैठक में परिषद के सदस्यों ने संकल्प लिया कि आगामी वर्ष में भीलवाड़ा जिले को पूर्णतः 'दिव्यांग मुक्त' बनाया जाएगा। इसके तहत जिले के प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए परिषद वर्ष पर्यंत एक सजग सलाहकार की भूमिका निभाएगी। बैठक में 12 से 14 फरवरी तक रामधाम के पीछे, काशीपुरी स्थित वकील कॉलोनी के माहेश्वरी भवन में आयोजित हुए 'दिव्यांग सहायता महाकुंभ' की सफलता की समीक्षा की गई।

शाखा के वरिष्ठ सदस्य गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि शिविर के दौरान सैकड़ों दिव्यांगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया गया। अब परिषद का लक्ष्य है कि जिले के सभी दिव्यांगों को सूचीबद्ध कर उनका डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी व सामाजिक योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।

परिषद ने निर्णय लिया है कि केवल शिविर तक ही सेवा सीमित नहीं रहेगी। संरक्षक रामेश्वर काबरा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में भी परिषद के कार्यकर्ता सेतु का काम करेंगे। बैठक में प्रमुख रूप से यह तय किया गया कि दिव्यांगों को आगामी कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी निरंतर दी जाएगी। परिषद के सदस्य दिव्यांगों के लिए व्यक्तिगत सलाहकार के रूप में कार्य करेंगे। समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर सेवा का संकल्प दोहराया। बैठक में रजनीकांत आचार्य, भैरूलाल अजमेरा सहित पदाधिकारी एवं महिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News

आगामी त्यौहारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम:: भीलवाड़ा में कानून-व्यवस्था के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त