भीलवाड़ा में प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा कल से, उमड़ेगा आस्था का सैलाब; यातायात पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
भीलवाड़ा। शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में श्री शिव पुराण कथा आयोजन समिति के तत्वावधान में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन बुधवार, 8 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रहा है। 14 अप्रैल तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन 1 लाख से 1.50 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुगम आवागमन के लिए विस्तृत रूट चार्ट और पार्किंग व्यवस्था जारी की है।
बसों के लिए निर्धारित मार्ग और पार्किंग (मानसरोवर झील)
अन्य जिलों व राज्यों से आने वाली समस्त बसों को मानसरोवर झील पर पार्क किया जाएगा। रूट इस प्रकार रहेंगे:
कोटा-मांडलगढ़ मार्ग: ईरास चौराहा, होटल एम्परियल, तेजसिंह सर्किल, जमना विहार, चित्तौड़गढ़ ओवरब्रिज, सी.ए. सर्कल और मीरा सर्कल होते हुए पार्किंग स्थल पहुंचेंगे।
राजसमंद-गंगापुर मार्ग: पुर ओवरब्रिज, आवरी माताजी, देवनारायण सर्कल होते हुए मानसरोवर पार्किंग पहुंचेंगे।
अजमेर-गुलाबपुरा मार्ग: सिक्स लेन, ओम बन्ना रेस्टोरेंट, नर्मदा विहार, पानी की टंकी, विजय स्तंभ सर्किल, निवार फैक्ट्री पुर रोड और चित्रकूट सर्कल होते हुए पहुंचेंगे।
चित्तौड़गढ़ मार्ग: मंडपिया सिक्स लेन, मंडपिया ओवरब्रिज के नीचे, समेलिया फाटक, चित्तौड़ ओवरब्रिज और चंद्रशेखर आजाद नगर सर्कल होते हुए पार्किंग स्थल पहुंचेंगे।
दोपहिया व चौपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न दिशाओं से आने वाले निजी वाहनों हेतु अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं:
MLV टेक्सटाइल निवास पार्किंग: अजमेर, गुलाबपुरा, राजसमंद, गंगापुर, कोटा और मांडलगढ़ की ओर से आने वाले भक्त यहां वाहन पार्क करेंगे।
आजादनगर J सेक्टर (डालडा मिल के सामने): चित्तौड़गढ़ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
प्रताप नगर स्कूल: अजमेर, राजसमंद और कोटा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए।
VIP पार्किंग: किसान वाटिका के सामने खाली भूखंड में व्यवस्था की गई है।
मीरा सर्कल पार्किंग: शहर व अन्य सभी क्षेत्रों से आने वाले दोपहिया, तिपहिया व चौपहिया वाहन मीरा सर्कल के दोनों ओर पार्क किए जा सकेंगे। यहां दिशा सूचक बोर्ड भी लगाए गए हैं।
प्रशासन की अपील: सहयोग करें श्रद्धालु
यातायात पुलिस भीलवाड़ा ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का ही पालन करें और अपने वाहन केवल चिन्हित 'निशुल्क पार्किंग' स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क किनारे या अन्यत्र पार्किंग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
