विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारियों का आगाज़, संजय नगर में भगवामय प्रभातफेरी से गूंजा क्षेत्र
भीलवाड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 25 जनवरी 2026, रविवार को आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर शहर में वातावरण बनने लगा है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह संजय नगर बस्ती में भव्य भगवामय प्रभातफेरी निकाली गई, जिसने पूरे इलाके को धर्म और उत्साह से सराबोर कर दिया।
प्रभातफेरी की शुरुआत रोकड़िया गणेश मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। भगवा ध्वजों, भजनों और जयघोष के बीच प्रभातफेरी संजय नगर की प्रमुख गलियों और मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी। मार्ग में जगह-जगह क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर प्रभातफेरी का स्वागत किया। यात्रा का समापन ब्राह्मणों की कुड़ी स्थित शिव मंदिर में महाआरती के साथ किया गया।
प्रभातफेरी के दौरान हिंदू समाज को सम्मेलन से जोड़ने के उद्देश्य से घर-घर पीले चावल और निमंत्रण पत्र वितरित किए गए। भजनों पर झूमते श्रद्धालुओं और मातृशक्ति की सहभागिता ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मीडिया प्रभारी आशीष पाराशर ने बताया कि प्रभातफेरी में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम संयोजक खुशबू शुक्ला, संजय नगर बस्ती अध्यक्ष सत्यनारायण ओझा, कोषाध्यक्ष धीरज अग्रवाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, महिला मंडल की सदस्याएं और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक खुशबू शुक्ला ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष पर आयोजित होने वाला यह विराट हिंदू सम्मेलन समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं का सशक्त संदेश देगा। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से 25 जनवरी को सारस्वत समाज के नोहरे में आयोजित सम्मेलन में सपरिवार शामिल होने की अपील की।
धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता से जुड़ी हर गतिविधि की ताज़ा जानकारी के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। ऐसी खबरें और सूचनाएं भेजें 9829041455 पर।
