गैस कालाबाजारी पर सख्ती: गंगापुर थाना में CLG बैठक, अफवाहों से दूर रहने की अपील

By :  vijay
Update: 2026-03-29 15:40 GMT

भीलवाड़ा | गंगापुर प्रकाश चंद्र|जिले में गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने और आमजन में फैल रही किल्लत संबंधी अफवाहों को समाप्त करने के उद्देश्य से गंगापुर थाना पुलिस ने सक्रिय पहल करते हुए चौकी पोटला पर सीएलजी (Community Liaison Group) सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में थाना प्रभारी द्वारा उपस्थित सीएलजी सदस्यों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्तमान में घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। सरकार द्वारा नियमित अंतराल पर गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि अब घरेलू गैस सिलेंडर के लिए आवेदन प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया गया है, जिसके तहत मात्र 25 दिनों में आवेदन संभव होगा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

साथ ही, यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी, ओवररेटिंग या अनियमितता की सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई। इसके लिए आपातकालीन नंबर 112, थाना गंगापुर के लैंडलाइन नंबर 01481-220064 अथवा संबंधित बीट कांस्टेबल को जानकारी देने के लिए कहा गया है, ताकि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बैठक के दौरान सभी बीट कांस्टेबलों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सीएलजी ग्रुपों में जागरूकता संदेश प्रसारित करें और लोगों को सचेत करें, जिससे अफवाहों पर रोक लगाई जा सके और सामाजिक सहयोग से व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Similar News