राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलमंडी में 'मेगा पीटीएम' का सफल आयोजन
भीलवाड़ा |स्थानीय राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलमंडी में आज 'मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक' (Mega PTM) का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय जी राठी, दुर्गा लाल सोनी एवं सुशीला सोनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और शिक्षा के क्षेत्र में अभिभावकों की सहभागिता को अत्यंत आवश्यक बताया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता जीनगर ने आए हुए सभी अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और अभिभावक के बीच निरंतर संवाद होना अनिवार्य है। इसी क्रम में उप-प्रधानाचार्या रजनी मेहता ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
बैठक के दौरान अभिभावकों ने शिक्षकों से सीधे संवाद कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति और व्यवहार पर चर्चा की। विद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।