​स्वर्णकार महिला संगठन ने हर्षोल्लास के साथ मनाया गणगौर महोत्सव; उमड़ी आस्था की लहर

By :  vijay
Update: 2026-03-23 08:29 GMT


​भीलवाड़ा । सांस्कृतिक परंपराओं और अखंड सौभाग्य के पर्व 'गणगौर' के उपलक्ष में स्वर्णकार महिला संगठन ने स्थानीय शिवाजी गार्डन में महोत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर ईसर-गणगौर की पूजा-अर्चना की और लोक गीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। ​संगठन की प्रेमलता सोनी ने बताया कि इस महोत्सव में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं का सोलह श्रृंगार और सामूहिक रूप से गाए गए गणगौर के लोक गीत रहे। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर और पारंपरिक लाल व सुनहरी साड़ियों में सजकर मां गवरजा की आराधना की। महोत्सव के दौरान शिवाजी गार्डन का वातावरण पूरी तरह राजस्थानी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। महिलाओं ने मिट्टी के ईसर और गणगौर की प्रतिमाओं के समक्ष दूब और जल अर्पित कर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान फूलों से सजे कलश और पारंपारिक थालियों के साथ फोटो सेशन भी हुआ, जिसमें समाज की एकता और प्रेम की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। ​प्रेमलता सोनी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाना और अपनी आने वाली पीढ़ी को प्राचीन परंपराओं से रूबरू कराना है। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से गणगौर की आरती की और प्रसाद वितरण किया गया।

​शिवाजी गार्डन में हुए इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रदर्शित किया, बल्कि स्वर्णकार समाज की एकजुटता को भी नई मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम में दुर्गा देवी सोनी, सिमरन सोनी, लक्षिता सोनी, चंद्रकांता सोनी, इंदिरा सोनी, पूनम सोनी, संगीता सोनी, अनु सोनी, चंदा सोनी, रेखा सोनी, पूजा सोनी, मुन्ना सोनी, राजश्री सोनी, बदाम देवी सोनी सहित समाज की वरिष्ठ महिलाओं से लेकर युवतियों तक ने पूरे जोश के साथ सहभागिता दर्ज कराई।

Similar News