खेत'-खलिहानों में गूंज रही थ्रेशर की आवाज: भीलवाड़ा में रबी फसल की बंपर कटाई शुरू
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले में रबी की फसलों के पकने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। खेतों में सुनहरी लहरें लेती गेहूं और जौ की फसलें अब कटाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जिले के विभिन्न हिस्सों में किसान परिवार सहित फसलों को सहेजने में जुट गए हैं।
खेतों में शुरू हुई कटाई और थ्रेशिंग का काम
जिले के अधिकांश क्षेत्रों में किसान गेहूं और जौ की कटाई में व्यस्त नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर जहां कटाई पूरी हो चुकी है, वहां थ्रेशर मशीनों के जरिए गेहूं और चना निकलवाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। दिन भर खेतों में मशीनों की गूंज और उड़ती धूल किसानों की कड़ी मेहनत का प्रमाण दे रही है। इस बार मौसम की अनुकूलता के चलते पैदावार भी अच्छी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मंडी में पहुंचने लगी नई फसल
फसल तैयार होते ही जिले की कृषि उपज मंडियों में भी हलचल तेज हो गई है। किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने लगे हैं, जिससे आवक में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। विशेष रूप से गेहूं और चने की नई खेप मंडी में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में आवक और तेज होगी, जिससे बाजार में और अधिक रौनक देखने को मिलेगी।