भीलवाड़ा -शहर के उड़ान क्लब द्वारा बसंत पंचमी का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। क्लब की संरक्षक प्रतिभा मानसिंहका की अध्यक्षता में एक निजी रिसोर्ट में मासिक बैठक और उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें क्लब की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में अंजना मानसिंहका ने सभी सदस्यों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नीलू वागरानी और आशा अग्रवाल ने मां सरस्वती की तस्वीर का पीले फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया और आकर्षक रंगोली बनाई। सभी सदस्यों ने ज्ञान और कला की देवी मां शारदे की स्तुति कर सामूहिक पूजा-अर्चना की और बसंत के आगमन पर आधारित भक्तिपूर्ण भजन व गीत प्रस्तुत किए।
बैठक के दौरान क्लब की गतिविधियों पर चर्चा की गई। संरक्षक प्रतिभा मानसिंहका के निर्देशन में आगामी सत्र के लिए विभिन्न सेवा कार्यों और सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
उत्सव को मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के खेल आयोजित किए गए। इन प्रतियोगिताओं में सपनी अग्रवाल, द्रोपदी मानसिंहका और आभा मित्तल ने बाजी मारी और विजेता रहीं।
इस अवसर पर मधु लोढ़ा, उषा मानसिंहका, गुणमाला अग्रवाल, दीपिका रहेजा सहित क्लब की कई सदस्य उपस्थित थीं।
