गेहूंली में विराट हिंदू सम्मेलन: शौर्य प्रदर्शन देख थमीं सांसें, चारभुजा नाथ के जयकारों से गूँजा क्षेत्र
आकोला (रमेश चंद्र डाड)गेहूंली ग्राम में सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित 'विराट हिंदू सम्मेलन' में आस्था और उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा। महंत पारस गिरी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय कर दिया।
अखाड़े में दिखा हैरतअंगेज शौर्य
कार्यक्रम के दौरान अखाड़ा प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अखाड़े के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। विशेष रूप से लाठियों के सहारे ऊँचाई पर खड़े होकर, सिर पर साइकिल का पहिया संतुलित करते हुए हाथ में तलवार थामे युवक के प्रदर्शन ने दर्शकों को अचंभित कर दिया। ढोल की थाप पर युवाओं ने अपनी कला और साहस का परिचय दिया।
चारभुजा मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा
दोपहर को चारभुजा मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा रवाना हुई। इसमें सबसे आगे घुड़सवार और केसरिया ध्वज लिए युवा चल रहे थे, पीछे कलश लिए महिलाएं मंगल गान कर रही थीं। शोभायात्रा में झांकियों ने भी मन मोह लिया। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
सामाजिक एकता का संदेश
शाम को आयोजित विशाल धर्मसभा में महंत पारस गिरी जी महाराज ने उपस्थित जनसमूह को आशीर्वाद देते हुए सनातन धर्म और सामाजिक एकता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलनों से हिंदू समाज में नई ऊर्जा और चेतना जागृत होती है।
आसपास के गांवों की रही भारी मौजूदगी
इस सम्मेलन में गेहूंली के साथ-साथ हाजीवास, ककरोलिया घाटी, सोला का खेड़ा, ईटावा, घेवरिया और चोहली सहित आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के अंत में चारभुजा मंदिर में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
