पत्नी ने प्राइवेट वीडियो बनाने से किया मना तो पति ने कर दी हत्या

Update: 2025-06-27 03:20 GMT

 भिंड। पत्नी ने जब निजी संबंध बनाते समय का वीडियो बनाने का विरोध किया तो पति ने हत्या कर दी। घटना की प्राथमिक पड़ताल में सामने आया कि बुधवार रात में पत्नी ने विरोध करते हुए वीडियो नहीं बनाने दिया। इस पर पति गुस्सा गया। गुरुवार की सुबह दोनों के बीच फिर इसी बात पर विवाद हुआ तो पति ने पैर से पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दीघटना ऊमरी थाना क्षेत्र के पुले गांव की है। आक्रोशित मायके पक्ष ने शव ले जाकर एसपी ऑफिस व ऊमरी थाने का घेराव किया। मायके पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय गोल्डी जाटव की शादी 10 फरवरी 2025 को जबर सिंह के साथ हुई थी। जबर सिंह दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। 10 दिन पहले ही गांव आया था।

 

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि बुधवार-गुरुवार की रात पति ने नशा किया। इसके बाद पत्नी के साथ संबंध बनाते हुए अश्लील वीडियो बनाना चाहा जिसका पत्नी ने विरोध किया। इस पर दोनों में रात में झगड़ा हो गया। सुबह एक बार फिर से दोनों के बीच झगड़ा हुआ। तब पति जबर सिंह ने गोल्डी को जमीन पर पटकते हुए दोनों पैर गले पर रखकर खड़ा हो गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित पति जबरसिंह, ससुर भारत सिंह और देवर छोटू मौके से भाग निकले।

Similar News