जोधपुर। **घोड़ों का चौक** में बुलियन का व्यवसाय करने वाला एक डीलर करीब एक दर्जन सर्राफा व्यवसायियों को करोड़ों रुपए का चूना लगाकर फरार हो गया। आरोपी ने **करीब 6 करोड़ रुपए कैश, लगभग 3 किलो सोना और 100 किलो से अधिक चांदी** लेकर भाग गया। ठगी के शिकार व्यापारी धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। कई व्यापारियों ने अपने ग्राहकों से धनतेरस के लिए सोने की बुकिंग का पैसा पहले ही ले रखा था।
अनुमान के मुताबिक **100 से अधिक ग्राहकों** ने धनतेरस के दिन आभूषण की बुकिंग कर रखी थी। ज्वैलर्स अब परेशान हैं कि वे अपने ग्राहकों को क्या जवाब देंगे। इस मामले में शहर विधायक **अतुल भंसाली** ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। देर रात तक **सदर बाजार पुलिस थाने** में एफआइआर दर्ज की गई और सर्राफा व्यापारी थाने पर जुटे रहे।
बुलियन डीलर **बीकानेर निवासी शब्बीर अली** था। वह घोड़ों का चौक, भिश्तियों की बस्ती में **कादरी बुलियन एंड गोल्ड टेस्टिंग** नाम से दुकान चलाता था। छह साल के व्यापार में उसने व्यापारियों का भरोसा जीत लिया था, इसी वजह से व्यापारी उस पर आंख बंद करके भरोसा करते थे।