सिलाई दुकान में घुसकर महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार; खून से लथपथ पीड़िता चीखती रही, मदद की बजाय तमाशबीन बने लोग
उदयपुर।
उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां ब्रह्मपुरी इलाके में अपनी दुकान के भीतर सिलाई का काम कर रही एक 35 वर्षीय महिला पर एक अज्ञात बदमाश ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाश ने महिला के सिर, गर्दन और हाथ पर तीन गहरे वार किए।
अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना का सबसे विचलित करने वाला पहलू यह रहा कि हमले के बाद खून से लथपथ महिला चीखती हुई मदद के लिए बाहर भागी, लेकिन वहां मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही और किसी ने उसकी मदद नहीं की।
कपड़े लेने के बहाने आया और कर दिया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता यास्मीन (35) पुत्री फैयाज शाह ब्रह्मपुरी में अपनी सिलाई की दुकान चलाती है। बुधवार शाम को वह दुकान पर काम कर रही थी। तभी एक अज्ञात युवक वहां आया और अपनी बहन के सिलाई किए हुए कपड़े मांगने लगा। यास्मीन ने ऐसे किसी भी कपड़े के दुकान में होने से इनकार कर दिया।
इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। लेकिन, करीब 20 मिनट बाद वह वापस लौटा और सिलाई मशीन पर बैठी यास्मीन पर अचानक धारदार हथियार (चाकू) से हमला बोल दिया।
"मैं चिल्लाती रही, लोग तमाशा देखते रहे"
एमबी हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से जूझ रही घायल यास्मीन ने जो बताया वह समाज की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उसने बताया, "हमले के दौरान मैं जान बचाने के लिए चिल्लाती हुई दुकान से बाहर आई। वहां लोग मौजूद थे, मैंने उनसे मदद की गुहार लगाई, लेकिन सब तमाशे की तरह देखते रहे। किसी ने भी आगे बढ़कर मेरी मदद नहीं की।"
परिवार ने मांगी सुरक्षा, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
घायल महिला की मामी गुलनाज बानो ने बताया कि आरोपी ने यास्मीन पर तीन बार चाकू से जानलेवा वार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर भीड़ जमा थी पर कोई मदद को नहीं आया, यहां तक कि जब वे उसे अस्पताल ला रहे थे तब पुलिस भी साथ नहीं थी। परिवार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।
कुराबड़ थानाधिकारी तेजू सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। हमले के स्पष्ट कारणों की जांच जारी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
