साले ने जीजा की तलवार से काटकर की हत्या; बहू ने ससुर को पहले ही दी थी धमकी
बीकानेर। बीकानेर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में रामपुरा बस्ती की गली नंबर 7 में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक साले ने अपने साथी के साथ मिलकर अपने ही जीजा की तलवार से गर्दन पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान जय सिंह (28) पुत्र राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में SHO विजेंद्र शीला ने बताया कि जय सिंह के पिता राजेंद्र सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बेटे के साले कपिल सिंह और एक अन्य व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पारिवारिक कलह बनी हत्या की वजह
डीएसपी अनुज डाल ने बताया कि जय सिंह और उसकी पत्नी कुंजिका के बीच पिछले दो साल से विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी पारिवारिक कलह के चलते हत्या की यह खौफनाक वारदात अंजाम दी गई।
बहु ने ससुर को फोन कर धमकाया था
मृतक के पिता राजेंद्र सिंह ने एफआईआर में बताया कि हत्या से कुछ देर पहले, 10 अप्रैल की रात 10:44 बजे, उनकी बहू कुंजिका ने उन्हें कॉल कर धमकी दी थी। कुंजिका ने कहा था, "अपने बेटे जय सिंह को समझा लो नहीं तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं।"
पिता की आंखों के सामने हुआ हमला
एफआईआर के अनुसार, धमकी मिलने के बाद जब राजेंद्र सिंह ने बेटे जय सिंह को घर पर नहीं पाया, तो वे उसे ढूंढने निकले। जब वे रामपुरा बस्ती स्थित शनि मंदिर के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कपिल सिंह और उसका साथी जय सिंह के साथ मारपीट कर रहे थे। कपिल सिंह के हाथ में तलवार थी। शोर मचाने पर दोनों आरोपी बाइक लेकर मौके से भाग निकले। राजेंद्र सिंह स्थानीय लोगों की मदद से घायल जय सिंह को पीबीएम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
