मक्के के खेत में लहलहा रहे थे गांजे के पौधे; 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत 31 लाख का गांजा जब्त, एक गिरफ्तार
प्रतापगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत रठांजना थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मक्के की फसल के बीच छिपाकर की जा रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ करते हुए 745 पौधे जब्त किए हैं।
पुलिस को देख भागने लगा आरोपी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाधिकारी विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 28 फरवरी को नयाटापरा क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खेत की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भैरूलाल पिता नानजी मीणा निवासी नयाटापरा बताया।
मक्के की आड़ में छिपाई थी अवैध फसल
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने खेत में मक्के की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रखे हैं। पुलिस ने जब खेत की तलाशी ली, तो वहां मक्के के पौधों के बीच छिपाकर उगाए गए 745 हरे गांजे के पौधे बरामद हुए।
63 किलो वजन, 31.50 लाख रुपये कीमत
पुलिस द्वारा जब्त किए गए इन पौधों का कुल वजन 63 किलो 210 ग्राम पाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी भैरूलाल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इन मादक पदार्थों की सप्लाई किन क्षेत्रों में करने वाला था।