जिओ के टैंकर में 'पानी' जैसा केमिकल मिलावट के 'काले खेल' का पर्दाफाश;: हाईवे की होटल पर दबिश, 80 ड्रम केमिकल जब्त
पे
उदयपुर| जिले में ईंधनों में मिलावट करने वाले एक बड़े गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गिर्वा डीएसपी गोपाल चंदेल के नेतृत्व में गोगुंदा थाना पुलिस ने हाईवे पर स्थित एक होटल और पास के मकान पर छापेमारी कर पेट्रोल टैंकरों में केमिकल मिलाने के गोरखधंधे को पकड़ा है। मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध केमिकल से भरे 80 से ज्यादा ड्रम बरामद किए गए हैं।
जिओ के टैंकर में मिलाया जा रहा था 'पानी' जैसा केमिकल
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोगुंदा हाईवे स्थित बालाजी होटल के पास पेट्रोल टैंकरों में मिलावट का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने पाया कि जामनगर (गुजरात) से प्रतापगढ़ जा रहे जिओ कंपनी के एक पेट्रोल टैंकर में दो युवक पानी जैसा दिखने वाला संदिग्ध केमिकल मिक्स कर रहे थे। पुलिस को देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया। टीम ने तुरंत एक पिकअप गाड़ी और पेट्रोल टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिया के नीचे और मकान में छिपाया था जखीरा
कार्रवाई के दौरान पुलिस को होटल से करीब 200 मीटर दूर हाईवे की पुलिया के नीचे और पास ही एक मकान में भारी मात्रा में केमिकल मिला। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से 80 से अधिक ड्रमों में इस संदिग्ध तरल को छिपा रखा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के लिए केमिकल के सैंपल लिए।
होटल संचालक फरार, चालक समेत दो गिरफ्तार
बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह की टीम ने इस मामले में टैंकर चालक विसना राम और उसके साथी प्रकाश मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, रेड की भनक लगते ही होटल संचालक सुरेश विश्नोई मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह केमिकल कहां से सप्लाई होता था। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
