सुसाइड मिस्ट्री:: पत्नी की बेवफाई और दुबई भागने की साजिश ने ली पिता-पुत्री की जान, सुसाइड नोट में खुला राज
उन्नाव | उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बीते 23 फरवरी को पिता-पुत्री द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में मृतक विकास गुप्ता का मोबाइल और सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी और उसके परिजनों को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि विकास की पत्नी एक मुस्लिम युवक के साथ दुबई भागने की फिराक में थी और विरोध करने पर विकास के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी।
रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश, कार में मिला सुराग
बता दें कि 23 फरवरी की रात कानपुर-उन्नाव-लखनऊ रेल मार्ग पर सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास विकास गुप्ता और उनकी मासूम पुत्री वेदिका ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। पुलिस को मौके से विकास की कार बरामद हुई थी। प्रारंभिक जांच में इसे केवल हादसा या सामान्य आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन मोबाइल फोन मिलने के बाद मामला 'उकसावे' और 'प्रताड़ना' की ओर मुड़ गया।
सुसाइड नोट में बयां किया पत्नी का 'धोखा'
गंगा घाट थाना पुलिस को विकास के मोबाइल में मिले सुसाइड नोट से पता चला है कि वह अपनी पत्नी डॉली के व्यवहार से बुरी तरह टूट चुका था। मृतक के भाई शिवम ओमर ने पुलिस को दी तहरीर में सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि डॉली का एक मुस्लिम युवक के साथ अवैध संबंध था और वह उसके साथ दुबई भागने की तैयारी कर रही थी। जब विकास को इसका पता चला और उसने विरोध किया, तो पत्नी और उसके मायके वालों ने विकास के साथ मारपीट की, जिसमें उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं और कई टांके लगे थे।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप, पत्नी सहित ससुराल पक्ष पर FIR
शिवम ओमर ने गंगा घाट थाना पुलिस पर भी गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मारपीट की घटना के बाद शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आहत होकर विकास ने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल, पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी डॉली और उसके परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।