शर्मसार हुई मानवता:: 90 वर्षीय असहाय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, आरोपी दीपक टंडन गिरफ्तार
भाटापारा (छत्तीसगढ़) | छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक ऐसी शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में हवस के एक दरिंदे ने चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ करीब 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। बिस्तर पर लाचार पड़ी बुजुर्ग के साथ हुई इस दरिंदगी ने पूरे समाज को स्तब्ध कर दिया है। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रात के अंधेरे में घर में घुसकर किया कुकृत्य
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने भाटापारा ग्रामीण थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने बताया कि उनकी 89 वर्षीय माता लंबे समय से बिस्तर पर हैं और पूरी तरह असहाय हैं। रात के समय आरोपी दीपक टंडन जबरन घर में घुसा और बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया। परिवार का आरोप है कि आरोपी पहले भी रात के समय घर में घुसकर महिला के साथ अशोभनीय कृत्य कर चुका था, लेकिन लोक-लाज और डर के कारण मामला सामने नहीं आ सका था। इस बार आरोपी की हद पार होने पर परिजनों ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने भाटापारा ग्रामीण थाना में अपराध क्रमांक 106/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 64(2)(ड) एवं 332 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए मुख्य आरोपी दीपक टंडन उर्फ चुटू (33 वर्ष), निवासी ग्राम मोपका को हिरासत में लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
पूछताछ के दौरान आरोपी दीपक टंडन ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की उम्र और उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और समाज की नैतिक गिरावट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।