शिक्षा के मंदिर में दरिंदगी: स्कूल के पहले ही दिन मासूम पर कुत्तों का खूनी हमला, सिर की चमड़ी नोंची, कान काटा

Update: 2026-02-25 14:30 GMT

 बीकानेर (बीएचएन)। बीकानेर के ऊपनी गांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 'विवेकानंद मॉडल स्कूल' में शिक्षा के पहले ही दिन एक चार वर्षीय मासूम को आवारा कुत्तों ने अपना निवाला बनाने की कोशिश की। बड़े भाई की उंगली थामकर सुनहरे भविष्य के सपने लिए स्कूल पहुँचे रामनाथ की खुशियां कुछ ही पलों में चीखों में बदल गईं। कुत्तों ने मासूम को इस कदर नोंचा कि उसके सिर की पूरी चमड़ी अलग हो गई।

खून से लथपथ हुआ मासूम, शिक्षक देख रह गए दंग

घटना उस वक्त हुई जब मासूम स्कूल परिसर में था। अचानक दो खूंखार कुत्तों ने रामनाथ पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने बालक के हाथ, कंधे, गले और पीठ पर गहरे घाव किए। बर्बरता की हद तो तब हो गई जब कुत्तों ने बच्चे के सिर की चमड़ी नोंच ली और एक कान को बुरी तरह काट खाया। बच्चे की चीखें सुनकर दौड़े शिक्षकों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।

अस्पताल में जिंदगी की जंग: ठीक होने में लगेगा साल भर

गंभीर हालत में परिजनों ने बालक को बीकानेर के पीबीएम चिकित्सालय के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में भर्ती कराया है। ट्रोमा सेंटर के सीएमओ डॉ. एलके कपिल के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर दांतों और नाखूनों के गहरे जख्म हैं। सिर की चमड़ी को पूरी तरह ठीक होने में एक साल से अधिक का समय लग सकता है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए मासूम को आईसीयू (ICU) जैसी विशेष निगरानी में रखा गया है।

मॉडल स्कूल की सुरक्षा की खुली पोल, ग्रामीणों में आक्रोश

शिक्षा विभाग द्वारा आधुनिक सुविधाओं का दावा करने वाले इस 'मॉडल स्कूल' की चारदीवारी इतनी छोटी है कि जानवर आसानी से अंदर घुस जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पोषाहार के समय अक्सर यहां कुत्तों का जमावड़ा रहता है, लेकिन प्रशासन ने कभी ध्यान नहीं दिया। जिला शिक्षा अधिकारी किशनदान चारण ने घटना को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब की है और स्कूलों से आवारा जानवरों को हटाने के निर्देश दिए हैं।

Similar News

आरक्षण की हुंकार: जयपुर में उमड़ा माली-सैनी समाज का सैलाब,: 12% कोटे के लिए विधानसभा घेराव की चेतावनी

हेल्थ वॉरियर्स की कुंडली अब एक क्लिक पर:: 28 तक डेटा फीडिंग अनिवार्य, वरना अटक सकता है मार्च का वेतन