नाबालिग का फिल्मी अंदाज में अपहरण; मां ने SPसे की बरामदगी की मांग

Update: 2026-02-27 12:25 GMT


भीलवाड़ा | जिला मुख्यालय के निकट पुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सालमपुरा निवासी एक मां ने अपनी आंखों के सामने अपनी 17 वर्षीय बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक पीड़िता की बरामदगी नहीं होने से परिजनों में भारी रोष और अनहोनी का डर व्याप्त है।

पीड़िता की मां  ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में बताया कि 24 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपनी नाबालिग पुत्री  के साथ खेत से घर लौट रही थी। इसी दौरान स्कूल के पास एक स्विफ्ट कार और दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए बदमाशों ने उनका रास्ता रोका। कार में सवार मुख्य आरोपी सत्यनारायण विश्नोई, रामलाल, हीरालाल और गोविन्द ने उसकी पुत्री को जबरन खींचकर गाड़ी में डाल लिया। विरोध करने पर मां के साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

  मां ने आशंका जताई है कि आरोपी उसकी नाबालिग बेटी के साथ कोई बड़ी वारदात या सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। पीड़िता   नाबालिग है और उसका जीवन गंभीर खतरे में बताया जा रहा है। पीड़िता की मां ने पुलिस प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर उसकी बेटी को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।

Similar News