7 साल से चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का काला कारोबार, खुद का 'ट्रंप 24' ऐप बनाकर दे रहे थे आईडी

Update: 2026-02-26 04:10 GMT


 नागौर कोतवाली पुलिस और डीएसटी (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ताऊसर रोड स्थित एक कॉम्प्लेक्स से गिरफ्तार किए गए दो शातिर सटोरिये पिछले सात सालों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर यह अवैध धंधा चला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 1 मार्च तक रिमांड पर लिया है।

अपना ऐप, अपनी मर्जी: ऐसे फंसाते थे जाल में

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी अशोक भाटी (निवासी रोल) और हिम्मताराम गहलोत (निवासी चेनार) ने 'ट्रंप 24' नाम से अपना खुद का सट्टा ऐप बना रखा था। इसके जरिए वे सट्टा लगाने वालों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे। खास बात यह है कि इस ऐप की पूरी कमांड इन्हीं के हाथ में थी। यदि कोई खिलाड़ी बड़ी रकम जीत जाता, तो ये शातिर उसकी आईडी ही डिलीट कर देते थे ताकि उसे भुगतान न करना पड़े। पूछताछ में सामने आया कि ये किसी बड़े बुकी से लाइन लेकर आगे हैदराबाद और नागौर के कई लोगों को सट्टे की लाइन दे रहे थे।

2019 से अब तक का कच्चा चिट्ठा बरामद

प्रशिक्षु आईपीएस अदिति उपाध्याय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण दस्तावेज लगे हैं। मौके से 21 रजिस्टर, डायरियां, लैपटॉप, कंप्यूटर सेट, वाई-फाई सेटअप बॉक्स और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इन रजिस्टरों में साल 2019 से लेकर अब तक के सट्टे का पूरा हिसाब-किताब दर्ज है। इनमें सैकड़ों लोगों के नाम और मोबाइल नंबर लिखे हैं, जिससे आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

युवाओं की बर्बादी का जरिया बना सट्टा

पुलिस के अनुसार, ये सटोरिये सूचना तंत्र का दुरुपयोग कर लोगों को ऊंचे भाव का लालच देकर दांव लगाने के लिए उकसाते थे। इस अवैध कारोबार के चक्कर में अब तक क्षेत्र के कई युवक अपनी जमा-पूंजी गंवाकर बर्बाद हो चुके हैं। पुलिस अब इन सटोरियों के बैंक खातों, चेक बुक और एटीएम कार्ड के जरिए रुपयों के लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 773774145

Tags:    

Similar News

विधानसभा में गूंजी भीलवाड़ा की आवाज:: विधायक कोठारी ने उठाई 3081 भूखंडों की लॉटरी जांच और निरस्तीकरण की मांग

आरक्षण की हुंकार: जयपुर में उमड़ा माली-सैनी समाज का सैलाब,: 12% कोटे के लिए विधानसभा घेराव की चेतावनी