ऑपरेशन भौकाल: फलदार पौधों की आड़ में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़,आरोपी गिरफ्तार
सांचोर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में फलदार पौधों की आड़ में की जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 3600 अफीम के पौधे और 3.540 किलोग्राम गीला डोडा पोस्त जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जालौर जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए ऑपरेशन भौकाल अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सांचोर के सहायक पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के सुपरविजन और थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 मार्च को मुखबिर की सूचना पर डूंगरा का गोलिया गांव में कार्रवाई की। सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी कमलेश दर्जी, पुत्र रूपचंद दर्जी, अपने खेत में फलदार पौधों की आड़ में अफीम की अवैध खेती कर रहा है।