सिहोरा में बेकाबू बस दुर्गा पंडाल में घुसी, 20 श्रद्धालु रौंदे, एक की मौत
जबलपुर (सिहोरा)। इंदौर हादसे की तर्ज पर जबलपुर के सिहोरा में मंगलवार रात एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। रात करीब 10 बजे कटनी से जबलपुर जा रही यात्री बस (एमपी-49 पी 0261) नो-एंट्री तोड़कर शहर में घुस गई और बेकाबू रफ्तार से गौरी तिराहे की ओर बढ़ी।
लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही बस सड़क पर खड़ी गाड़ियों को ठोकती हुई सीधे दुर्गा पंडाल में घुस गई। पंडाल में उस वक्त भंडारे का आयोजन चल रहा था और सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ले रहे थे। अचानक आई इस आफ़त ने पूरे माहौल को दहशत में बदल दिया।
100 मीटर तक मौत का तांडव
बस श्रद्धालुओं को रौंदती हुई करीब 100 मीटर तक दौड़ी। इस दौरान लोग चीखते-चिल्लाते और गिरते गए। हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। वहीं, एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
गुस्साए लोगों ने चालक को पीटा
हादसे के बाद श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने बस पर पथराव कर चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात काबू में किए।
प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा किया। सवाल उठे कि नो-एंट्री जोन में भारी वाहन आखिर कैसे घुस आया? क्या सुरक्षा इंतजाम सिर्फ कागज़ों तक सीमित थे?
टीआई विपिन सिंह के अनुसार, बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
