अरशद मदनी का भड़काऊ बयान: कहा 'जिहाद होगा', पात्रा ने कहा मदनी का बयान भड़काऊ

Update: 2025-11-29 11:40 GMT

भोपाल   जमीयत उलेमा ए हिंद की गवर्निंग बॉडी की बैठक शनिवार को हुई, जिसमें मौलाना महमूद मदनी ने देश के मौजूदा हालात पर तीखे सवाल उठाए। मदनी ने कहा कि हाल के वर्षों में इस्लाम और मुसलमानों को लेकर नफरत फैलाने की कोशिशें तेज हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिहाद जैसे पवित्र शब्द को हिंसा से जोड़कर गलत अर्थ दिया जा रहा है और लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद जैसे शब्द सिर्फ मुसलमानों को बदनाम करने के लिए गढ़े गए हैं।

मदनी ने कहा कि जिहाद का मतलब अन्याय और जुल्म के खिलाफ संघर्ष है, न कि हिंसा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमानों की पहचान, पहनावे और धार्मिक जीवनशैली पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि बराबरी के संवैधानिक अधिकार कागजों में मौजूद हैं, लेकिन जमीन पर इनका असर कमजोर होता जा रहा है।

मौलाना मदनी के भाषण की अहम बातें

न्यायपालिका पर टिप्पणी

मदनी ने कहा कि अदालतों को निष्पक्ष रहना चाहिए, पर कुछ फैसलों ने संदेह पैदा किया है। उनके अनुसार सुप्रीम कोर्ट तभी वास्तव में सर्वोच्च कहलाएगा जब वह संविधान की पूरी पाबंदी करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि देश की एक बड़ी आबादी खामोश है और अगर यह तबका नफरत फैलाने वालों की ओर झुक गया तो देश के लिए खतरा बन सकता है।

असुरक्षा की भावना

मदनी ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई, मॉब लिंचिंग, आर्थिक बहिष्कार और नफरती अभियानों के चलते मुसलमानों में असुरक्षा बढ़ी है। उन्होंने धर्मांतरण कानूनों को मुसलमानों की दावत और तालीम को अपराध बनाने की कोशिश बताया। वक्फ संपत्तियों में सरकारी हस्तक्षेप का भी उन्होंने विरोध किया।

गुरु तेग बहादुर साहिब का बलिदान

उन्होंने गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत को केवल सिख समाज नहीं, बल्कि पूरे भारत की साझा विरासत बताया। कहा कि उनका बलिदान इंसानियत और आजादी की रक्षा का प्रतीक है और हमें नफरत के खिलाफ खड़ा होना सिखाता है।

मुगलों को लेकर राजनीति

मदनी ने कहा कि आज की राजनीति में मुगलों के नाम का इस्तेमाल कर मुसलमानों को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी शासक की गलती को पूरी कौम या धर्म से जोड़ना गलत है और इस्लाम का संदेश इंसाफ और इंसानियत है।

नौजवानों के लिए संदेश

उन्होंने कहा कि मुर्दा कौमें हालात के आगे झुक जाती हैं, लेकिन जिंदा कौमें अपने हक और पहचान के लिए खड़ी रहती हैं। युवाओं से उन्होंने निराशा छोड़कर संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

भाजपा की प्रतिक्रिया

मौलाना मदनी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे भड़काऊ और देश को बांटने वाला बताया। पात्रा ने कहा कि जिहाद के नाम पर आतंक का इतिहास सबके सामने है, इसलिए मदनी के तर्क विवाद बढ़ाने वाले हैं। सुप्रीम कोर्ट पर टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि अदालत को इस पर स्वयं संज्ञान लेना चाहिए।

Tags:    

Similar News