मप्र में गायब हो रही हैं बहन-बेटियां: जीतू पटवारी ने गृहमंत्री अमित शाह को लिखा पत्र, आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता

Update: 2026-02-20 12:31 GMT

 भोपाल। मध्यप्रदेश में महिलाओं और लड़कियों के लापता होने के बढ़ते आंकड़ों पर चिंता जताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखा है। पटवारी ने इस मामले में गृहमंत्री से हस्तक्षेप की अपील करते हुए राज्य सरकार को प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने हेतु निर्देशित करने का आग्रह किया है।

लाखों महिलाएं लापता, आंकड़ों ने सबको चौंकाया

पटवारी ने अपने पत्र में विधानसभा में पेश किए गए सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में स्थिति भयावह हुई है। कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में जो जानकारी सामने आई, उसके अनुसार वर्ष 2020 से 28 जनवरी 2026 तक प्रदेश में कुल 2,06,507 महिलाएं और 63,793 लड़कियां लापता हुई हैं।

47 हजार से ज्यादा महिलाओं का सुराग नहीं

सबसे अधिक चिंताजनक पहलू यह है कि लापता हुई महिलाओं में से 47,984 महिलाओं और 2,186 लड़कियों का आज तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। जीतू पटवारी ने इसे राज्य सरकार की विफलता और नाकारेपन का सबूत बताते हुए आशंका जताई कि प्रदेश में मानव तस्करी (Human Trafficking) का कोई खूंखार रैकेट सक्रिय हो सकता है।

अमित शाह से हस्तक्षेप की मांग

पटवारी ने अपने सोशल मीडिया (X) हैंडल पर पत्र साझा करते हुए लिखा कि भाजपा के 22 साल के शासन में महिलाओं की स्थिति बदतर हुई है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री से आग्रह किया कि वे इन सरकारी आंकड़ों पर संज्ञान लें और मध्यप्रदेश सरकार को बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी करें।

Similar News