दहेज के लिए बेडरूम और किचन में लगवाए CCTV कैमरे, प्रताड़ना की हदें पार

Update: 2026-02-20 08:26 GMT

 आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा से दहेज उत्पीड़न और महिला की निजता (Privacy) के उल्लंघन का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रूह कंपा दी है। ट्रांस यमुना इलाके की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर न केवल उसके साथ मारपीट की गई, बल्कि उसकी निगरानी के लिए बेडरूम और किचन तक में CCTV कैमरे लगवा दिए गए।

15 लाख खर्च के बाद भी वैगन-आर और नकदी की मांग

पीड़िता की शादी 12 मार्च 2019 को कपिल देव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मायके पक्ष का दावा है कि शादी में 15 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे, जिसमें गहने, फर्नीचर, बुलेट बाइक और 5.51 लाख रुपये नकद दिए गए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष खुश नहीं था और लगातार वैगन-आर कार व 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। दो मासूम बच्चों के जन्म के बाद भी उत्पीड़न का सिलसिला नहीं थमा।

निजता का हनन: बेडरूम तक में देवर ने लगवाए कैमरे

मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पीड़िता ने बताया कि उसके देवर ने घर के भीतर ऐसे कैमरे लगवाए जिनकी रिकॉर्डिंग सीधे किचन और बेडरूम तक हो रही थी। महिला का आरोप है कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित और शर्मिंदा करने के लिए यह कदम उठाया गया। जब उसने कैमरों की दिशा बदलने या उन्हें हटाने की मांग की, तो विवाद और बढ़ गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

ससुरालियों ने घर से निकाला, मासूम की बिगड़ी तबीयत

पीड़िता के अनुसार, 5 नवंबर 2025 को पति, सास-ससुर, देवर और देवरानी ने मिलकर उसे पीटा और धमकी दी कि मांग पूरी न होने पर उसे निकालकर दूसरी शादी कर ली जाएगी। 12 दिसंबर 2025 को उसे दो छोटे बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया गया। उस समय उसके 2 माह के बेटे रियांश की तबीयत बेहद खराब थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने इलाज तक नहीं कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्त्रीधन वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

Similar News