घरेलू गैस सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव: अब 21 नहीं, 25 दिन बाद ही हो सकेगी दूसरी रीफिल
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की रीफिल बुकिंग को लेकर सख्त कदम उठाया है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और गैस की संभावित जमाखोरी को रोकने के लिए अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर सकेंगे। इससे पहले शुक्रवार को ही तेल कंपनियों ने 21 दिन का लॉक-इन पीरियड लागू किया था, जिसे अब बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।
जमाखोरी रोकने के लिए उठाया कदम
सरकार का मानना है कि युद्ध के हालातों और अनिश्चितता के बीच कई लोग जरूरत न होने पर भी सिलेंडर स्टॉक कर रहे थे। इस 'पैनिक बुकिंग' के कारण बाजार में अचानक डिमांड बढ़ गई थी। अब 25 दिन का अनिवार्य अंतराल होने से बेवजह की बुकिंग पर लगाम लगेगी और उन उपभोक्ताओं को आसानी से गैस मिल सकेगी जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है। वर्तमान में ऑनलाइन बुकिंग करने पर उपभोक्ताओं को स्पष्ट मैसेज मिल रहा है कि अगली बुकिंग पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही संभव है।
महंगाई की दोहरी मार: 60 रुपये बढ़े दाम
नियमों में सख्ती के साथ-साथ आम जनता की जेब पर भी भार बढ़ा है। सरकार ने दो दिन पहले ही घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये का हो गया है। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की भारी वृद्धि की गई है, जिससे अब इसकी कीमत 1883 रुपये हो गई है। ये नई दरें 7 मार्च से प्रभावी हो चुकी हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
