नाइजीरिया में खौफनाक हमला: नमाज के दौरान मस्जिद में गोलियां, 27 की मौत

By :  naresh
Update: 2025-08-20 01:44 GMT


दिल्ली। नाइजीरिया के उत्तरी कटसीना राज्य से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह की नमाज के दौरान हथियारबंद हमलावरों ने मस्जिद पर धावा बोल दिया। अंधाधुंध गोलीबारी में 27 नमाजियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

स्थानीय मुखिया और अस्पताल अधिकारी के अनुसार, यह हमला मालुमफशी क्षेत्र के उंगुवान मंतौ गांव में सुबह लगभग 4 बजे हुआ। नमाज के लिए जुटे श्रद्धालुओं पर अचानक बंदूकधारियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं आम हो चुकी हैं। यहां चरवाहों और किसानों के बीच भूमि व पानी के संसाधनों को लेकर लंबे समय से खूनी संघर्ष जारी है।

पिछले महीने भी उत्तर-मध्य नाइजीरिया में हुए एक हमले में 150 से ज्यादा लोग मारे गए थे। लगातार बढ़ रही हिंसा ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के वर्षों में चरवाहों के बीच हथियार उठाने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ी है, जिससे संघर्ष और भी घातक हो गया है।

सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस तरह के हमलों पर नियंत्रण पाने में नाकाम साबित हो रही हैं। कटसीना की इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक निर्दोष लोग इस खूनी हिंसा की भेंट चढ़ते रहेंगे।


Similar News