बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और पी. कश्यप का रिश्ता टूटा, 7 साल बाद लिया अलग होने का फैसला

नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी साइना नेहवाल और उनके पति पारुपल्ली कश्यप ने 7 साल की शादी के बाद एक-दूसरे से अलग होने का फैसला लिया है। साइना ने रविवार रात इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से अपने फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "काफी सोचने और विचार करने के बाद, हमने अलग होने का निर्णय लिया है। जीवन कभी-कभी हमें अलग रास्तों पर ले जाता है, और अब हम एक-दूसरे के लिए शांति और प्रगति का रास्ता चुन रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि वह इस रिश्ते से जुड़ी यादों के लिए आभारी हैं और कश्यप के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हैं। साथ ही, साइना ने लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की।
साइना और कश्यप की प्रेम कहानी 2007 से शुरू हुई थी, जब दोनों ने हैदराबाद के गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में एक साथ ट्रेनिंग शुरू की थी। दोनों एक-दूसरे को 2005 से जानते थे, लेकिन रिश्ते की शुरुआत 2007 में हुई। दिसंबर 2018 में उन्होंने निजी समारोह में शादी रचाई थी और हैदराबाद के नोवोटेल होटल में शानदार रिसेप्शन पार्टी दी थी, जिसमें खेल और फिल्म जगत की तमाम हस्तियों ने शिरकत की थी।
साइना नेहवाल बैडमिंटन में भारत की सबसे सफल खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। वह ओलिंपिक में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। लंदन ओलिंपिक 2012 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था और 2015 में वह महिला सिंगल्स वर्ल्ड नंबर-1 बनी थीं। वे तीन ओलिंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और 2010 और 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।