गंगा दशहरा पर स्नान करते समय 17 लोगों की डूबकर मौत

By :  vijay
Update: 2025-06-05 17:49 GMT
गंगा दशहरा पर स्नान करते समय 17 लोगों की डूबकर मौत
  • whatsapp icon

लखनऊ। गंगा दशहरा पर स्नान के दौरान गंगा, यमुना और गोमती नदी में 17 लोगों की डूबकर मौत हो गई। सबसे अधिक सात लोगों की मौत कानपुर में हुई। बदायूं, शाहजहांपुर और फिरोजाबाद में दो-दो और रामपुर, फर्रुखाबाद, सुलतानपुर और अलीगढ़ में एक-एक श्रद्धालु की मौत हुई। कुछ श्रद्धालुओं को गोताखोरों और वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया। कानपुर में नहाने के दौरान बच्ची डूबने लगी तो बचाने के प्रयास में उसके दो रिश्तेदार युवक भी डूब गए। बाहर निकालकर परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

गंगा में डूबे युवक अपने बहनोई के बेटे के मुंडन संस्कार में आए थे। फर्रुखाबाद में युवक गंगा में डूब गया। दो युवक भी स्नान के दौरान डूब गए। उनके एक साथी को बचा लिया गया। मुनीम का पुत्र सत्यम भी नहाने के दौरान डूब गया। युवक स्नान के दौरान गहराई जाने से डूब गया। गोताखोरों ने मशक्कत के बाद पांचों शवों को निकाला। संभल में गंगा में स्नान करते समय सोनू व छोटे समेत चार लोग डूबने लगे। चारों को गोताखोरों ने बचा लिया।

रामपुर में हल्द्वानी के देवकी नंदन की रामगंगा में डूबकर मृत्यु हो गई। बदायूं में एटा का आठ वर्षीय बालक लखन नहाते समय गहरे पानी में चला गया। दो घंटे बाद उसका शव निकाला जा सका। 12 वर्षीय बालक अमन की भी डूबकर मौत हो गई। हालांकि डूबे पांच श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शाहजहांपुर में शीलू और सत्यम की डूबने से मौत हो गई। फिरोजाबाद में 16 वर्षीय रोहित की यमुना में डूबकर मौत हो गई। स्वजन ने हादसे के बाद जाम लगाने का प्रयास किया। दूसरे हादसे में हजारा नहर में नहाते समय तीन बच्चे डूब गए। ग्रामीणों ने दो को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन आठ वर्षीय अभिषेक की मृत्यु हो गई।

 

सुल्तानपुर में दो किशोर नहाने के दौरान गोमती नदी के गहरे पानी में चले गए। श्रद्धालुओं की हल्ला-गुहार पर गोताखोर और एसडीआरएफ के जवानों ने दोनों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक किशोर आकाश की मौत हो गई। अलीगढ़ में अतरौली निवासी रवि कुमार अपने दोस्त राजेश के साथ गंगा नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गंगा में डूब गया।

Tags:    

Similar News