अमित शाह का दावा: अप्रैल में तमिलनाडु में बनेगी NDA की सरकार, पुदुक्कोट्टई में BJP जनसभा
तमिलनाडु केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह तमिलनाडु के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने रविवार को पुदुक्कोट्टई में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने बड़ा दावा करते हुए भविष्यवाणी की है कि अप्रैल में तमिलनाडु के अंदर एनडीए की सरकार बनने जा रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, 'अप्रैल 2026 में तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनेगी।'
पुरे भारत में तमिलनाडु की सबसे भ्रष्ट सरकार: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'आने वाले चुनावों में, भाजपा, एआईएडीएमके और हमारी सहयोगी पार्टियों के साथ मिलकर कांग्रेस और डीएमके को आखिरी टक्कर देने के लिए एक मजबूत गठबंधन बनाने जा रही है। डीएमके सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। अगर पूरे भारत में कहीं सबसे भ्रष्ट सरकार है, तो दुर्भाग्य से वह तमिलनाडु में है।'
शाह का डीएमके की वंशवादी राजनीति पर करारा हमला
शाह ने तमिलनाडु की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तमिलनाडु में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। तमिलनाडु सरकार का सिर्फ एक ही मकसद है, और वो है मुख्यमंत्री स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन को राज्य का मुख्यमंत्री बनाना। मैं तमिलनाडु के लोगों से कहना चाहता हूं कि तमिलनाडु में वंशवादी राजनीति का अंत करने का समय आ गया है। मुझे साफ दिख रहा है कि अप्रैल 2026 में एनडीए सरकार बनेगी।
स्टालिन की पार्टी ने किया एनडीए के खिलाफ दुष्प्रचार: शाह
जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि स्टालिन की पार्टी ने यह दुष्प्रचार शुरू किया है कि एनडीए तमिल भाषा के खिलाफ है। आज मैं तमिलनाडु के लोगों को बताना चाहता हूं कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही हैं, जिन्होंने उम्मीदवारों को आईएएस और आईपीएस परीक्षाएं तमिल भाषा में देने की अनुमति देने की प्रक्रिया शुरू की है।