चंद्र ग्रहण के कारण 3 मार्च को राम मंदिर के दर्शन समय में बड़ा बदलाव

Update: 2026-03-02 14:00 GMT

अयोध्या। आगामी 3 मार्च को लगने वाले चंद्र ग्रहण के चलते श्री राम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या में दर्शन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्णय के अनुसार, ग्रहण काल के सूतक और प्रभाव को देखते हुए मंगलवार को सुबह 9 बजे से रात 8:30 बजे तक आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट पूरी तरह बंद रहेंगे।

आरती का समय और दर्शन की उपलब्धता

ट्रस्ट द्वारा जारी सूचना के अनुसार, श्रद्धालुओं को सुबह की आरती के दर्शन सुलभ रहेंगे। सुबह 4:00 बजे होने वाली मंगला आरती और 6:30 बजे की श्रृंगार आरती में भक्त शामिल हो सकेंगे। इसके तुरंत बाद ग्रहण काल प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर परिसर को आम दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया जाएगा।

शुद्धिकरण के बाद खुलेंगे पट

ग्रहण समाप्ति के उपरांत रात 8:30 बजे संपूर्ण मंदिर परिसर का विधि-विधान से शुद्धिकरण किया जाएगा। शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पुनः पट खोले जाएंगे। श्रद्धालु रात 9:30 बजे होने वाली शयन आरती के दर्शन कर सकेंगे।

पास रहेंगे निरस्त, ट्रस्ट की अपील

ट्रस्ट के न्यासी डॉ. अनिल मिश्र ने स्पष्ट किया कि ग्रहण के दौरान मंदिर बंद रहने के कारण उस दिन के लिए जारी सभी सामान्य, सुगम और विशिष्ट दर्शन पास स्वतः ही निरस्त माने जाएंगे और नए पास जारी नहीं किए जाएंगे। ट्रस्ट ने देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सारिणी का ध्यान रखकर ही अपनी यात्रा और दर्शन का कार्यक्रम बनाएं।

Similar News

इजरायल-ईरान युद्ध की आग में झुलस रहे अपनों की चिंता:: खाड़ी देशों में फंसे भोपाल के सैकड़ों लोग, वीडियो कॉल पर भी पाबंदी