होली पर मुफ्त सिलेंडर न देने पर घिरी भाजपा, आप ने किया प्रदर्शन, कांग्रेस ने बताया महिलाओं के साथ धोखा

By :  vijay
Update: 2025-03-12 16:00 GMT
होली पर मुफ्त सिलेंडर न देने पर घिरी भाजपा, आप ने किया प्रदर्शन, कांग्रेस ने बताया महिलाओं के साथ धोखा
  • whatsapp icon

भाजपा सरकार के द्वारा दिल्ली की महिलाओं को होली पर एक मुफ्त गैस सिलेंडर न देने पर आम आदमी पार्टी ने हमला किया है। दिल्ली के 40 अलग-अलग स्थानों पर सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि भाजपा अपना कहा हर वादा निभाने में असफल साबित हो रही है। पहले तो उसने महिलाओं को 2500 रुपये देने की योजना अब तक शुरू नहीं किया, अब होली पर एक मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा भी नहीं निभाया गया है। कांग्रेस ने कहा कि यह दिल्ली की महिलाओं के साथ धोखा है।


दिल्ली के आईटीओ सहित अलग-अलग इलाकों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अगुवाई कर रही आतिशी मारलेना ने कहा कि दिल्ली की महिलाओं का इंतजार लंबा होता जा रहा है। अब तक उन्हें 2500 रुपये देने का वादा नहीं निभाया गया, लेकिन अब उसके बाद दूसरा वादा भी नहीं निभाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्या यह वादा भी एक जुमला बनकर रह जाएगा।

Dआप के पूर्व विधायक ऋतुराज झा और दिल्ली की पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय समेत कई नेताओं ने दिल्ली के अंदर करीब 40 जगहों पर प्रदर्शन कर भाजपा से होली पर मुफ्त सिलेंडर देने का वादा निभाने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। कुछ जगहों पर आप कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इसके पहले भी आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने देने के मामले में भी भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था।

महिलाओं के साथ धोखा- कांग्रेस

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा है कि महिलाओं को होली के अवसर पर एक मुफ्त गैस सिलेंडर न देना उनके साथ धोखा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने अपने चुनावी संकल्प पत्र में महिलाओं को हर होली-दिवाली पर एक-एक गैस सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया था, लेकिन त्योहार के दो दिन रह जाने के बाद भी इसका कोई मैकेनिज्म तैयार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक तैयार नहीं हो पाई है कि उसे अपने वादों को किस तरह पूरा करना है।

'तैयारी कर रही सरकार, हर वादे पर खरा उतरने का भरोसा'

भाजपा ने अब तक होली पर मुफ्त गैस सिलेंडर क्यों नहीं दिया? इस सवाल के जवाब में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने अमर उजाला से कहा कि सरकार अपने संकल्प पत्र में किया गया हर वादा निभाएगी। इसमें किसी तरह का संदेह नहीं है। लेकिन अभी सरकार को बने एक महीना ही हुआ है। अभी सरकार के पास आधिकारिक आंकड़े नहीं हैं जिन पर भरोसा कर वह अपनी किसी योजना को आगे बढ़ा सके।

नेता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के आंकड़ों पर भी भरोसा नहीं किया जा सकता। उनका आरोप है कि आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने करीबी लोगों को गलत तरीके से लाभ दिलाने के लिए आंकड़ों में हेराफेरी की है। यह मामला भी जल्द ही जनता के सामने लाया जाएगा। एक तरफ तो गरीब लोगों के राशन कार्ड और बीपीएल कार्ड नहीं बनाए गए हैं, वहीं बाहर से आकर दिल्ली में बसे रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुसलमानों के पास राशन कार्ड और आधार कार्ड सब कुछ मौजूद हैं। जबकि इस दौरान किसी का राशन कार्ड बनाया ही नहीं गया था। उन्होंने कहा कि सरकार अपने आंकड़ों को दुरुस्त कर लेने के बाद हर योजना का लाभ गरीब वर्ग को देगी। इसमें गरीब महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों को आर्थिक लाभ देने के साथ-साथ अन्य योजनाएं भी शामिल हैं।

Similar News