
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को गिराकर सत्ता हथियाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से सतर्क रहने और आंतरिक मतभेदों को दूर कर एकजुट रहने को कहा। इससे पहले खरगे ने ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली ‘निरंकुश सरकार’ अपने पाप पर पर्दा डालने के लिए उनकी पार्टी को निशाना बनाने पर तुली हुई है।
आंतरिक मतभेद भूल एकजुट रहें'
राज्य सरकार के नौकरी मेले को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा ने आखिर देश के लिए क्या किया है? सिर्फ ईडी, आयकर और सीबीआई का इस्तेमाल कर डर पैदा करने की कोशिश करती है। जहां-जहां कांग्रेस सत्ता में है, वहां-वहां की सरकारों को गिराकर सत्ता पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में भी इसी तरह की कोशिश चल रही है। हमारे लोगों (कांग्रेस) को सतर्क रहना चाहिए। आपके बीच चाहे जो भी आंतरिक मतभेद हों, आपको एकजुट रहना चाहिए।
भाजपा कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश करती है-खरगे
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो मोदी और शाह मिलकर गरीब जनता को निगल जाएंगे। जनता की रक्षा के लिए आपको सत्ता दी गई है। उनकी रक्षा करना आपके हाथ में है। वे (भाजपा) वहां बैठे हैं, लूट रहे हैं और दरार पैदा कर रहे हैं। भाजपा कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश करती है, लेकिन हम न डरेंगे, न झुकेंगे। हम हमेशा आपके आशीर्वाद और समर्थन से लड़ेंगे। हम देश को एकजुट रखेंगे, देश का निर्माण करेंगे और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
आंबेडकर का अपमान करने का बार-बार आरोप लगाने के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए खरगे ने पूछा कि क्या आरएसएस और भाजपा उनसे प्रेम करते थे और उनका सम्मान करते थे? नहीं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस ही है जिसने आंबेडकर को संविधान की मसौदा समिति का अध्यक्ष बनाया और उनके द्वारा दिया गया संविधान आज भी जीवित है। यह आप लोग (भाजपा) हैं, जो आज उस संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।