महिला ने चलती बस में बच्चे को दिया जन्म, पति ने बाहर फेंका

By :  vijay
Update: 2025-07-16 18:55 GMT

महाराष्ट्र के परभणी में एक युवती ने चलती बस के स्लीपर कोच में एक बच्चे को जन्म दिया और उसके पति ने उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया, जिससे नवजात की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह लगभग 6.30 बजे पथरी-सेलू रोड में हुई। पुलिस ने दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में दंपती ने बताया कि वे बच्चे का पालन- पोषण करने में असमर्थ थे इसलिए उन्होंने उसे फेंक दिया था।

एक अधिकारी ने बताया कि ऋतिका ढेरे (19) नामक महिला पुणे से परभणी जाने के लिए अल्ताफ शेख नामक युवक के साथ बस में सफर कर रही थी। शेख ने खुद को महिला का पति बताया लेकिन यह साबित करने के लिए उसके पास कोई दस्तावेज नहीं थे।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान ऋतिका को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और उसने बस में ही एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद दोनों ने नवजात को कपड़े में लपेटा और चलती बस से बाहर फेंक दिया। तभी बस ड्राइवर ने देखा कि खिड़की से बाहर कुछ फेंका गया है। जब उसने इसके बारे में पूछताछ की तो शेख ने उसे बताया कि उसकी पत्नी को उल्टी हो गई थी।

इस बीच, एक व्यक्ति ने जब नवजात को सड़क पर पड़ा पाया तो वह चौंक गया और पुलिस को सूचित किया। बाद में पुलिस ने बस को रुकवाया और जांच के बाद दंपती को हिरासत में ले लिया।

vपथरी थाना पुलिस के मुताबिक, ऋतिका और शेख दोनों परभणी के निवासी हैं और पिछले डेढ़ साल से पुणे में रह रहे थे। हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों को नोटिस जारी कर दिया गया है और मामले में जांच जारी है।

Similar News