मुंबई जा रहे विमान की आधे रास्ते करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिग

By :  vijay
Update: 2025-07-03 18:09 GMT
मुंबई जा रहे विमान की आधे रास्ते करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिग
  • whatsapp icon

राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर मुंबई जा रहे विमान में तकनीकी गड़बड़ी के चलते बुधवार रात उसे हैदराबाद डायवर्ट कर दिया गया। जहां विमान की गहन जांच हुई। कोई गड़बड़ी न मिलने पर विमान को सुबह तीन बजे मुंबई के लिए रवाना किया गया। सूत्र बताते हैं कि विमान में थरथराहट पैदा होने पर उसे डायवर्ट किया गया था।

अमौसी एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6ई-5058 बुधवार रात 9:58 बजे रवाना हुई। विमान को रात 12:15 बजे मुंबई पहुंचना था। बीच रास्ते विमान में तकनीकी गड़बड़ी महसूस की गई। सूत्र बताते हैं कि विमान में थरथराहट पैदा हुई, जो सामान्य नहीं लग रही थी।

एयरलाइन से जुड़े अफसर कुछ भी बोलने से बचते रहे

विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) से संपर्क किया। इसके बाद हैदराबाद एयरपोर्ट पर रात 1:30 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मिली। जांच पड़ताल के बाद सुबह 3:05 बजे विमान को मुंबई के लिए रवाना किया गया। फ्लाइट सुबह 4:23 बजे मुंबई पहुंची। इस मामले में एयरलाइन से जुड़े अफसर कुछ भी बोलने से बचते रहे।

परेशान हुए यात्री

विमान में सवार लखनऊ से मुंबई जाने वाले यात्री पूरी रात विमान में ही रहे। यात्री चार घंटे की देरी से सुबह मुंबई पहुंचे। इससे उन्हें असुविधाओं का सामना करना पड़ा।

Tags:    

Similar News