पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, तेल बॉन्ड को बताया आर्थिक बोझ

By :  vijay
Update: 2026-03-23 19:00 GMT

नई दिल्ली  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा हमला बोला। नई दिल्ली में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पिछली यूपीए सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को छिपाने और राजनीतिक फायदा लेने के लिए तेल बॉन्ड जारी किए थे, जिसका भारी बोझ आज देश को उठाना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि शुरुआत में इन तेल बॉन्ड्स का अनुमानित बोझ करीब ₹1.48 लाख करोड़ बताया गया था, लेकिन ब्याज और भुगतान के चलते यह रकम बढ़कर ₹3 लाख करोड़ से भी ज्यादा हो गई। उन्होंने इसे पिछली सरकार की गलती बताया और कहा कि उनकी सरकार पिछले पांच-छह साल से इस बोझ को चुका रही है।

आज दुनिया कई युद्धों और तनावों से गुजर रही- पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे आज उनकी सरकार की आलोचना करते हैं, लेकिन इस मुद्दे पर चुप रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देशहित से ऊपर राजनीति को रखना सही नहीं है। वैश्विक हालात पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया कई युद्धों और तनावों से गुजर रही है, जिसका असर हर देश पर पड़ता है। ऐसे समय में कुछ लोग इन परिस्थितियों का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करते हैं, जो गलत है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब देश एकजुट हुआ, तब ही अच्छे परिणाम मिले।

'दुनिया में एक संतुलित और जिम्मेदार भूमिका निभा रहा भारत'

भारत की विदेश नीति पर उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में एक संतुलित और जिम्मेदार भूमिका निभा रहा है। जब उनसे पूछा गया कि भारत किसके साथ खड़ा है, तो उन्होंने साफ कहा- 'भारत, शांति और संवाद के साथ खड़ा है।' अपने भाषण में पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत की साफ और स्पष्ट नीतियों की दुनिया भर में सराहना हो रही है। उन्होंने 'सांच को आंच नहीं' कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि ईमानदार नीतियां हमेशा मजबूत होती हैं।

पीएम ने भारत की तेज आर्थिक प्रगति का किया जिक्र

उन्होंने भारत की तेज आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश वैश्विक मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल के दौरान देश की नहीं बल्कि अपनी सत्ता की चिंता करने का आरोप और कहा कि दूर से सरकार चलाने वालों ने अपनी सत्ता को बनाए रखने के लिए यह गलत निर्णय लिया।

Similar News