राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर राजनीतिक बवाल, भाजपा ने देश विरोधी प्रचार का लगाया आरोप
नई दिल्ली भाजपा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर बड़ा हमला बोला है। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान लगातार भारत विरोधी नैरेटिव फैलाते रहे हैं और अब एक बार फिर उनके ऐसे ही दौरे की खबरें सामने आ रही हैं।
नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रविरोधी प्रचार के साथ विदेश यात्राओं के लिए बदनाम रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां या तो किसी भारत विरोधी व्यक्ति से मुलाकात करते हैं या फिर भारत के खिलाफ बयान देते हैं। त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस शासित राज्यों में ही राहुल गांधी को बुलावा नहीं मिलता, तो विदेशों में उन्हें कौन आमंत्रित करता है।
विदेश दौरों पर भाजपा का सवाल
भाजपा सांसद ने कांग्रेस से सीधे सवाल करते हुए कहा कि आखिर वे कौन लोग हैं जो विदेशों में राहुल गांधी को मंच देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि न तो कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और न ही देश की किसी संस्था से राहुल गांधी को बुलावा मिलता है, लेकिन विदेशों में उनके लिए दरवाजे खुले रहते हैं।
हरियाणा मंत्री का भी हमला
इस मुद्दे पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़ा होता है, उसकी बात कांग्रेस के कार्यकर्ता भी सुनना नहीं चाहते। धांडा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत को बदनाम करने वाली स्क्रिप्ट पढ़ते हैं।
जांच की मांग भी तेज
भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने राहुल गांधी के विदेश दौरों की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जब भी राहुल गांधी विदेश जाते हैं, तब भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने वाली चिट्ठियां और बयान सामने आते हैं। वल्लभ ने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि राहुल गांधी किन लोगों से मिलते हैं और वे क्या बातें करते हैं, जिससे विदेशी नेता भारत के मामलों में टिप्पणी करने लगते हैं।
