महासागर में महायुद्ध:: अमेरिका ने जब्त किया रूसी ऑयल टैंकर 'मरिनेरा', 3 भारतीय भी हिरासत में

Update: 2026-01-08 17:05 GMT

रूसी सांसद ने एटमी हमले की धमकी दी

वॉशिंगटन/मॉस्को। उत्तरी अटलांटिक महासागर में अमेरिकी सेना और कोस्ट गार्ड ने एक साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देते हुए रूसी झंडे वाले ऑयल टैंकर 'मरिनेरा' को जब्त कर लिया है। अमेरिका का आरोप है कि यह जहाज वेनेजुएला पर लगे प्रतिबंधों का उल्लंघन कर कच्चा तेल ले जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद रूस और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। रूस ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताते हुए 'समुद्री डकैती' करार दिया है।इस जहाज के पकड़े जाने के बाद रूसी सांसद एलेक्सी जुरावल्योव ने कहा राष्ट्रपति पुतिन को एटमी हथियारों से हमला करना चाहिए और अमेरिकी कोस्ट गार्ड के जहाजों को डुबा देना चाहिए।

हेलीकॉप्टर से कमांडो ने की जहाज पर 'सर्जिकल स्ट्राइक'

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम के अनुसार, 'मरिनेरा' (पुराना नाम बेला-1) हफ्तों से अपनी पहचान छुपाकर समंदर में भाग रहा था। अमेरिकी कोस्ट गार्ड और सैन्य बलों ने तूफानी लहरों के बीच हेलीकॉप्टर की मदद से जहाज पर चढ़ाई की और उसे अपने कब्जे में ले लिया। अमेरिका का दावा है कि यह जहाज 'शैडो फ्लीट' (गुप्त बेड़ा) का हिस्सा है, जो प्रतिबंधित देशों जैसे रूस, ईरान और वेनेजुएला के तेल की तस्करी करता है।

3 भारतीयों सहित 28 क्रू मेंबर फंसे

जहाज की जब्ती के वक्त उस पर कुल 28 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 3 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। क्रू की संरचना इस प्रकार है:

भारतीय: 03

यूक्रेनी: 17

जॉर्जियाई: 06

रूसी: 02

रूस के परिवहन मंत्रालय ने पुष्टि की है कि जब्ती के बाद से जहाज से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। वहीं, व्हाइट हाउस ने संकेत दिए हैं कि क्रू मेंबर्स को अमेरिका लाकर उन पर मुकदमा चलाया जा सकता है।

भारत की बढ़ी चिंता, विदेश मंत्रालय की नजर

जहाज पर तीन भारतीयों के मौजूद होने की खबर के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) सतर्क हो गया है। हालांकि अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, भारतीय दूतावास लगातार अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है ताकि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनकी रिहाई सुनिश्चित की जा सके।

नाम बदलकर चकमा देने की कोशिश

अमेरिकी जांच में सामने आया कि पकड़े जाने से बचने के लिए टैंकर ने अपना नाम 'बेला-1' से बदलकर 'मरिनेरा' कर लिया था और अपना झंडा भी बदल दिया था। इसी दिन कैरिबियन सागर में पनामा के झंडे वाले एक और टैंकर 'एम सोफिया' को भी अमेरिका ने जब्त किया है।

"यह कार्रवाई प्रतिबंधित तेल की तस्करी रोकने के लिए की गई है। कोई भी जहाज पहचान बदलकर अंतरराष्ट्रीय नियमों को चुनौती नहीं दे सकता।" — अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग

Similar News