दादी-नानी के नुस्खों का स्वाद: गर्मियों में सेहत का वरदान हैं हरी मूंग के लड्डू

By :  vijay
Update: 2026-04-08 02:00 GMT

 भारतीय रसोई में आज भी पारंपरिक खानपान अपनी खास जगह बनाए हुए है। हमारी दादी-नानी के खजाने से निकली ऐसी ही एक लाजवाब डिश है 'हरी मूंग के लड्डू'। स्वाद में बेहतरीन होने के साथ-साथ ये सेहत के लिए भी किसी औषधि से कम नहीं हैं। विशेषकर गर्मियों के मौसम में यह शरीर को ठंडक पहुँचाने का काम करते हैं, क्योंकि मूंग की तासीर शीतल होती है।

इन लड्डुओं को मखाने और धागे वाली मिश्री के साथ तैयार किया जाता है, जो इसकी पौष्टिकता को दोगुना कर देते हैं। साबुत मूंग प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे खनिजों के साथ-साथ विटामिन C, A और K का भी उत्तम स्रोत है।

आवश्यक सामग्री

साबुत हरी मूंग: 200 ग्राम (करीब 1 कप)

देसी घी: 4-5 बड़े चम्मच (आवश्यकतानुसार)

मखाने: 50-60 ग्राम

काजू व बादाम: 12-15 काजू, 8-10 बादाम

इलायची पाउडर: 4-5 दानों का क्रश किया हुआ

मीठा: धागे वाली मिश्री का पाउडर या देसी खांड

बनाने की विधि: स्टेप-बाय-स्टेप

तैयारी: सबसे पहले हरी मूंग को पानी से अच्छी तरह धोकर सूती कपड़े से पोंछ लें और थोड़ी देर हवा में सुखा दें।

रोस्टिंग: मोटी तली की कड़ाही में मूंग को धीमी आंच पर 6-7 मिनट तक भूनें। ठंडा होने पर इसे ग्राइंडर में दरदरा (सूजी जैसा टेक्सचर) पीस लें।

आटा भूनना: कड़ाही में घी गरम करें और मूंग के तैयार आटे को धीमी आंच पर खुशबू आने तक भूनें। भुनने के बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें।

नट्स व मखाना: मखानों को रोस्ट करके पीस लें। काजू-बादाम को भी घी में हल्का भूनकर काट लें।

मिश्रण तैयार करना: ठंडे हुए मूंग के आटे में मिश्री पाउडर, मखाना पाउडर, भुने हुए नट्स और इलायची मिलाएं।

लड्डू बांधना: सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें और गोल-गोल लड्डू तैयार कर लें।

ये लड्डू न केवल आपकी इम्यूनिटी बढ़ाएंगे बल्कि गर्मियों में ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत साबित होंगे।

Similar News