जोधपुर में भरभराकर गिर पड़ी सरकारी स्कूल की बिल्डिंग
जोधपुर. लूणी क्षेत्र के ग्राम पंचायत हिंगोला के अंतर्गत चिरायों की ढाणी में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की जर्जर बिल्डिंग मंगलवार सुबह भारी बारिश के कारण ढह गई. यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब लगातार हो रही बारिश ने स्कूल की दो कमरों की जर्जर बिल्डिंग को धराशायी कर दिया. गनीमत रही कि उस समय स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया.
सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत हिंगोला के सरपंच मुशें खां और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बताया कि बिल्डिंग की जर्जर स्थिति के बारे में प्रशासन को कई बार सूचित किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. हादसे के बाद स्कूल में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने तुरंत बच्चों को स्कूल आने से मना कर घर भेज दिया, जिससे संभावित खतरा टल गया.