अलवर। जिले के नारायणपुर उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत खरकड़ी कलां की ढाणी नया वाली में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 48 वर्षीय व्यक्ति पर झाड़ियों में छिपे पैंथर ने अचानक हमला कर दिया। शांत ग्रामीण इलाके में हुए इस खूनी संघर्ष से लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति बकरियों के लिए पीपल का पेड़ काटने गया था। तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर पैंथर ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमला इतना अचानक और उग्र था कि व्यक्ति संभल भी नहीं पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक और पैंथर के बीच काफी देर तक जानलेवा संघर्ष चलता रहा। युवक ने हिम्मत दिखाते हुए आत्मरक्षा में पैंथर पर भी वार किए। इस टकराव में दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में पड़े युवक को तुरंत निजी साधनों से अलवर अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उधर, गंभीर रूप से घायल पैंथर ने कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से घायल युवक को उचित मुआवजा देने और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, निगरानी तंत्र मजबूत करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।
वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने और हालात की समीक्षा करने की संभावना जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
