हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में राजकीय प्राकृतिक चिकित्सालय के पास दिनदहाड़े हुई छीना झपटी की वारदात से लोगों में दहशत फैल गई। दो अज्ञात युवक पानी पिलाने का बहाना कर एक महिला को बातों में उलझाते रहे और फिर उसके सोने के कंगन व अंगूठी छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
पुलिस के अनुसार सरोज गोयल 60 वर्ष पत्नी प्रदीप गोयल निवासी वार्ड 21 ने रिपोर्ट दी कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने पुत्र की गारमेंट्स की दुकान से घर लौट रही थी। रास्ते में दो युवक उसके पीछे चलते हुए आए और पानी पिलाने की बात कही। उसने पास की दुकान से पानी खरीदकर उन्हें पिला दिया। इसी दौरान युवकों ने उसके हाथों में पहने सोने के कंगनों को देखकर पूछताछ शुरू कर दी। मना करने पर उन्होंने जबरन उसके दोनों हाथों से कंगन और उंगली में पहनी अंगूठी उतार ली और पुराने पोस्ट ऑफिस की ओर भाग गए।
महिला ने बताया कि आरोपियों में से एक युवक काली पैंट और सफेद शर्ट पहने था। मामले की जांच एएसआई अमीचंद को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।