जयपुर में भीषण सड़क हादसा: खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में घुसी बाइक, भाई-बहन की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर घायल

Update: 2026-04-05 20:20 GMT

 


जयपुर/चाकसू। चाकसू थाना इलाके में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से आ रही बाइक के टकराने से भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनके पिता जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। रविवार शाम को गमगीन माहौल में भाई-बहन का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

रिश्तेदार के घर से लौटते समय हुआ हादसा

थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार, चाकसू की चमन कॉलोनी (वार्ड संख्या 14) निवासी निश्चल वैष्णव (26) शनिवार शाम को अपने पिता शीतल प्रसाद वैष्णव और बहन किरण वैष्णव (30) के साथ कोथून क्षेत्र में किसी रिश्तेदार के घर गए थे। रात करीब 11 बजे जब तीनों बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी बड़े बालाजी मंदिर के पास शराब की दुकान के सामने खड़ी एक ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी बाइक जा भिड़ी।

मौके पर ही तोड़ा दम, अस्पताल में बहन की मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे निश्चल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल शीतल प्रसाद और किरण को चाकसू उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात किरण ने भी दम तोड़ दिया।

परिजनों का बुरा हाल, पिता की हालत नाजुक

मृतक निश्चल के पिता शीतल प्रसाद वैष्णव, जो मोटर पार्ट्स के व्यापारी हैं, उनका इलाज अभी SMS हॉस्पिटल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रविवार शाम जब एक साथ दो अर्थियां उठीं तो पूरी कॉलोनी में मातम छा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News