पेट्रोल पंप के सामने खड़ी कार बनी आग का गोला, व्यापारी की जिंदा जलने से मौत

Update: 2026-04-05 19:30 GMT


जोधपुर। शहर के बोरानाडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। एक पेट्रोल पंप के सामने खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कार सवार व्यापारी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।

आराम की मुद्रा में मिला शव

बोरानाडा थाने के कॉन्स्टेबल ललित ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब 11:42 बजे की है। हादसा उस वक्त हुआ जब कार सड़क के किनारे कच्चे रास्ते पर खड़ी थी। चौंकाने वाली बात यह है कि आग बुझाने के बाद जब कार की जांच की गई, तो व्यापारी का शव सीट को पीछे की ओर झुकाकर आराम करने की मुद्रा में मिला। कार का एक दरवाजा भी खुला हुआ पाया गया है।

डीएनए सैंपल से होगी पहचान की पुष्टि

कार के नंबरों के आधार पर मृतक की शिनाख्त बाड़मेर के धोरीमन्ना निवासी भरत लुनिया (40) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जोधपुर के बासनी इलाके में रह रहे थे। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर मौके पर बुला लिया है। हालांकि, शव बुरी तरह जल जाने के कारण अब डीएनए सैंपल के जरिए आधिकारिक तौर पर पहचान की पुष्टि की जाएगी।

सुबह से बंद आ रहा था फोन

परिजनों के अनुसार, भरत सुबह करीब 9 बजे अपने बासनी स्थित आवास से निकले थे। इसके कुछ देर बाद से ही उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि खड़ी कार में आग किन कारणों से लगी—यह शॉर्ट सर्किट था या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News