शॉर्ट सर्किट से धधका केमिकल से भरा मिनी ट्रक, चालक परेश रावल की जांबाजी से टला बड़ा हादसा

Update: 2026-04-12 07:44 GMT


अजमेर। मुंबई से केमिकल भरकर बहरोड़ की ओर जा रहा एक मिनी ट्रक शनिवार को अजमेर के श्रीनगर थाना क्षेत्र में कानाखेड़ी के पास आग का गोला बन गया। गनीमत रही कि ट्रक चालक की सूझबूझ और अदम्य साहस के कारण एक भीषण दुर्घटना होने से टल गई और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक परेश रावल रास्ते में चाय पीने के लिए कानाखेड़ी के पास एक होटल पर रुका था। उसने ट्रक को एक पेड़ के नीचे खड़ा किया और होटल पर गया। तभी अचानक ट्रक से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब तक चालक पास पहुँचता, शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने ट्रक में रखे ज्वलनशील केमिकल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग इतनी विकराल हो गई कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।

जलते ट्रक को आबादी से दूर ले गया चालक

आग की लपटें बढ़ती देख आसपास के लोगों ने पानी डालकर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच चालक परेश रावल ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलते हुए ट्रक को स्टार्ट किया और उसे होटल व घनी आबादी वाले क्षेत्र से काफी दूर खाली स्थान पर ले गया।

हादसे की सूचना मिलते ही श्रीनगर थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Similar News